Covid - 19 (Food Distribuation)
राजस्थान राज्य भारत स्काउट्स व गाइड्स जिला मुख्यालय सीकर में कोरोना लॉक डाउन के तहत 26 मार्च 2020 से 4 मई 2020 तक लगातार हमारी टीम ने भामा शाहो के आर्थिक सहयोग से जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की | जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था करने के पीछे हमारी टीम का यही उद्देश्य था , की कोरोना लॉक डाउन के समय काल में कोई भी व्यक्ति भूखा ना रहे | इस कार्य की शुरुआत स्काउट मास्टर हरदयाल मिल ने की | इसके बाद जिला मुख्यालय पर हमने भोजन बनाने और वितरण करने का कार्य जारी रखा | हमारी टीम रोज सुबह सब्जी मंडी जाती | वहां से सब्जी लाते और फिर सब्जियों को गरम पानी से अच्छी तरह धोकर फिर पकाते | भोजन पकाते समय हमने साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा | हमने हैंड वॉश करके ही सारे कार्य किए | चाहे सब्जी काटनी हो , बनानी हो , आटा लगाना हो या रोटियां बनानी हो | बर्तनों को अच्छी तरह से साफ करके उपयोग किया और उपयोग करने के बाद भी अच्छी तरह से साफ करके रखा | मास्क का भी उपयोग किया, दूरी भी बनाए रखी | कई बार सब्जी मंडी बंद होने की वजह से सब्जी नहीं मिलने के कारण हरी मिर्च प्याज की चटनी बनाकर ही लोगों को सर्व की | इसी दौरान रमजान का महीना भी शुरू हो गया | तब भी मैं रोजे रखते हुए रोजाना सुबह 8:00 बजे जिला मुख्यालय आती और भोजन बनाने में मदद करती , 12:00 बजे तक हम भोजन बनाते और उसके बाद वितरण करने जाते | तकरीबन हम [35 परिवारों ] 250 लोगों को भोजन वितरण करते |उन लोगों को भी हमसे आशा रहती थी, की कोई भोजन वितरण करें या ना करें , लेकिन जिला मुख्यालय से स्काउट्स गाइड्स उनके लिए भोजन लेकर जरूर आएंगे | इसी आशा से वह लोग हमारा इंतजार करते और जब हम वहां भोजन लेकर जाते तो उनके चेहरे की खुशी देखकर हम यह सब परेशानियां भूल जाते कि किस तरह से हम सभी इतनी दोपहर भरी धूप में रोज अपने-अपने घरों से कोई पैदल तो कोई साइकिल से जिला मुख्यालय आते और भोजन पका कर पैदल ही उनके लिए लेकर जाते | यह सब भूल जाते और जब वह लोग हमें आशीर्वाद देते तो ऐसा लगता जैसे "प्रतिज्ञा "का भाग - 2 दूसरों की सहायता करूंगी और | "स्काउट गाइड ध्वज गीत " मे जो लाइनें हैं - हमारा कर्म हो सेवा , हमारा धर्म हो सेवा | सदा ईमान हो सेवा व सेवक चर बना देना | अपने जीवन में ढाल कर जीवन को सार्थक कर दिया |